RAIPUR NEWS. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। मंत्रिपरिषद ने राज्य के विभागों, निगमों, मंडलों और स्थानीय निकायों में जमा स्क्रैप और अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण के लिए भारत सरकार के उपक्रम मेटल स्क्रैप ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MSTC) के साथ सेलिंग एजेंसी अनुबंध की अवधि अगले तीन वर्षों तक बढ़ाने का निर्णय लिया।

यह अनुबंध नवंबर 2019 से लागू है और 31 मई 2026 को समाप्त होना था। MSTC के ई-नीलामी प्लेटफॉर्म के जरिए स्क्रैप बिक्री में पारदर्शिता और बेहतर राजस्व मिलने की बात कही गई।


कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल को सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन लाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके लिए “छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम” में संशोधन किया जाएगा। “छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल अधिनियम, 2026” लागू होने के बाद पूर्व व्यावसायिक परीक्षा मंडल का विलय नए कर्मचारी चयन मंडल में हो चुका है।

बैठक में सड़क निर्माण कार्यों में 1 अप्रैल 2026 के बाद बिटुमिन (डामर) की कीमतों में हुई असाधारण वृद्धि को देखते हुए ठेकेदारों को सीमित और आंशिक मूल्य राहत देने का भी फैसला लिया गया। यह राहत 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक लागू रहेगी। सरकार का कहना है कि इससे सड़क निर्माण और संधारण कार्य प्रभावित नहीं होंगे तथा विकास कार्यों की गति बनी रहेगी।



































