JOB NEWS. बेरोजगारों के लिए सुनहरा मौका मिलने जा रहा है। सेंट्रल रिजर्व पोलिस फोर्स (CRPF) ने कांस्टेबल टेक्निकल, ट्रेड्समैन और पायनियर विंग भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है।

कुछ तकनीकी ट्रेड्स के लिए आईटीआई सर्टिफिकेट और संबंधित क्षेत्र में अनुभव मांगा गया है। वहीं ड्राइवर पद के लिए वैध भारी मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रखा गया है। ड्राइवर पद के लिए उम्मीदवारों की आयु 21 से 27 वर्ष तय की गई है। अन्य अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 23 वर्ष निर्धारित की गई है।

आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी छूट दी गई है।

चयनित उम्मीदवारों को Pay Level-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, राशन भत्ता, मेडिकल सुविधा समेत अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी दिया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) आयोजित किया जाएगा। इसके बाद कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT), ट्रेड टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा होगी। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।































