JOB NEWS. ग्रेजुएट युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय सरकारी भर्तियों में शामिल Staff Selection Commission की CGL परीक्षा इस बार बड़े बदलाव के साथ आने वाली है। SSC ने CGL 2026 भर्ती के लिए 12,256 पदों का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। लेकिन इस बार उम्मीदवारों के लिए सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा पैटर्न में किया गया है। अब टियर-I और टियर-II परीक्षा में सेक्शन वाइज टाइम लिमिट लागू होगी। यानी हर विषय के लिए तय समय खत्म होते ही उस सेक्शन का एक्सेस बंद हो जाएगा। पहले उम्मीदवार किसी कठिन सवाल को छोड़कर बाद में वापस आ सकते थे, लेकिन अब यह विकल्प नहीं मिलेगा।

नए पैटर्न के बाद सबसे ज्यादा असर मैथ और रीजनिंग सेक्शन पर पड़ने वाला है। इन दोनों विषयों में सवाल हल करने में ज्यादा समय लगता है। अब तक छात्र इंग्लिश और जनरल अवेयरनेस जल्दी खत्म कर बचा समय मैथ और रीजनिंग में लगा देते थे, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं होगा। ऐसे में उम्मीदवारों को अब सिर्फ तैयारी ही नहीं, बल्कि स्पीड और टाइम मैनेजमेंट पर भी फोकस करना होगा। खासकर क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और रीजनिंग में लगातार प्रैक्टिस जरूरी मानी जा रही है।

CGL Tier-I 2026: सेक्शन वाइज टाइमिंग
विषय सवाल अंक समय
जनरल इंटेलिजेंस और रीजनिंग 25 50 15 मिनट
जनरल अवेयरनेस 25 50 15 मिनट
क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड 25 50 15 मिनट
इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन 25 50 15 मिनट

टियर-I में सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव और मल्टीपल चॉइस होंगे। प्रश्न हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा में 0.50 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। SSC ने टियर-II परीक्षा में भी अलग-अलग सेक्शन के लिए फिक्स टाइम तय किया है। पेपर-I में मैथ और रीजनिंग के लिए 30-30 मिनट का समय मिलेगा। वहीं इंग्लिश लैंग्वेज और कॉम्प्रिहेंशन सेक्शन के लिए 40 मिनट और जनरल अवेयरनेस के लिए 20 मिनट तय किए गए हैं।

यानी अब पूरी परीक्षा टाइम मैनेजमेंट आधारित होने जा रही है और किसी एक विषय पर ज्यादा समय देना संभव नहीं होगा। SSC CGL 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं। उम्मीदवार 22 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं एप्लिकेशन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 23 जून 2026 रखी गई है।

संभावना है कि टियर-I परीक्षा अगस्त से सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए करीब तीन महीने का समय बचा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार सफलता के लिए सिर्फ पढ़ाई नहीं, बल्कि सेक्शन वाइज स्पीड और सटीकता सबसे अहम होगी।






























