JOB NEWS. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 14 जून 2026 तय की गई है। RRB ALP भर्ती 2026 में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ अभ्यर्थी के पास संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट होना चाहिए। वहीं, 10वीं के साथ इंजीनियरिंग डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे।

भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष और एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिकों और अन्य आरक्षित वर्गों को भी नियमों के अनुसार आयु में राहत मिलेगी।

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और अन्य वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, एक्स सर्विसमैन, ट्रांसजेंडर और ईबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इस भर्ती के तहत सबसे ज्यादा 1625 पद पूर्व तटीय रेलवे में भरे जाएंगे।

इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे में 1531, मध्य रेलवे में 1400, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में 1276 और उत्तर रेलवे में 740 पदों पर भर्ती होगी। पूर्व मध्य रेलवे में 700, दक्षिण मध्य रेलवे में 674, उत्तर पश्चिम रेलवे में 600, पूर्व रेलवे में 608 और पश्चिम मध्य रेलवे में 541 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं उत्तर मध्य रेलवे में 457, दक्षिण रेलवे में 250, पश्चिम रेलवे में 214, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे में 200-200 पदों पर भर्ती की जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे में 105 और चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स में 6 पदों पर नियुक्तियां होंगी।

ऐसे होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। उम्मीदवारों को पहले CBT-1 और CBT-2 परीक्षा देनी होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और मेडिकल एग्जामिनेशन (ME) से गुजरना होगा। सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।


































