NEW DELHI NEWS. मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। यह फैसला हाल ही में सामने आए पेपर लीक विवाद के बाद लिया गया है। शिक्षा मंत्री ने माना कि 3 मई को आयोजित परीक्षा की गोपनीयता प्रभावित हुई थी।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहाकि निष्पक्ष चयन प्रक्रिया बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। सरकार नहीं चाहती थी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता से योग्य छात्रों का नुकसान हो। सरकार के अनुसार, NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून, रविवार को कराई जाएगी। इस बार परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

इसके साथ ही उम्मीदवारों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प भी मिलेगा। जानकारी के मुताबिक, परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना 7 मई को सामने आई थी। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने केंद्र सरकार को रिपोर्ट सौंपी और 12 मई को री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया गया।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न समितियों और विशेषज्ञों से मिले सुझावों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आगामी परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित हो।

छात्रों की सुविधा के लिए राज्य सरकारों से भी समन्वय किया जाएगा, ताकि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इस साल NEET-UG परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। इसके लिए 5400 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

पेपर लीक मामले में जांच जारी
पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। एजेंसी अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के आरोपी शामिल हैं। मामले में आगे भी जांच जारी है।



































