RAIPUR NEWS. राजधानी में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। टेलीग्राम चैनल के जरिए ‘कलर ट्रेडिंग’ में भारी मुनाफे का लालच देकर एक युवक से करीब दो लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अमलीडीह पुलिस कॉलोनी निवासी अजय रत्नाकर को 25 दिसंबर 2025 की सुबह एक टेलीग्राम चैनल से मैसेज मिला।

इस मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने कलर ट्रेडिंग के जरिए कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया। भरोसा दिलाने के लिए उसने कुछ कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी भेजे, जिससे पीड़ित प्रभावित हो गया। आरोपी ने पीड़ित से एक वर्चुअल अकाउंट बनवाया और उसमें क्यूआर कोड के माध्यम से रकम जमा करने के लिए कहा। शुरुआत में पीड़ित ने 25 दिसंबर की रात अपने बैंक खाते से 3 हजार रुपए जमा किए।

इसके बाद आरोपी लगातार अधिक मुनाफे का लालच देकर पैसे जमा कराने के लिए दबाव बनाता रहा। झांसे में आकर पीड़ित ने 26 से 29 दिसंबर के बीच अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में 1 लाख 64 हजार 999 रुपए ट्रांसफर कर दिए। वहीं 26 दिसंबर से 3 जनवरी के बीच यूनियन बैंक खाते से 31 हजार रुपए और भेज दिए।

कुछ समय बाद जब पीड़ित को किसी तरह का मुनाफा नहीं मिला और संपर्क भी टूट गया, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने की ये अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश या ट्रेडिंग के ऑफर से सतर्क रहें और बिना सत्यापन के किसी भी लिंक या क्यूआर कोड के जरिए पैसे ट्रांसफर न करें।





































