RAIPUR NEWS. राजधानी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां बीमा पॉलिसी अपडेट कराने के नाम पर एक फल विक्रेता से 55 हजार रुपए ठग लिए गए। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमलीडीह निवासी भरत लाल वाधवानी ने बताया कि 16 अप्रैल को उसे एक कॉल आया, जिसमें आरोपी ने खुद को ICICI Prudential Life Insurance का प्रतिनिधि बताया।

इसके बाद ठग ने कहा कि उसकी पॉलिसी नुकसान में जा रही है और इसकी जानकारी बांड पेपर में दी गई है। साथ ही उसे कंज्यूमर कोर्ट में ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दी गई और एक फर्जी शिकायत नंबर भी दिया गया। 24 अप्रैल को फिर से कॉल कर ठगों ने खुद को कंज्यूमर कोर्ट का अधिकारी “विजय गिलानी” बताया।

इस बार पॉलिसी बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर ‘फ्रीजिंग कोड और फ्रीजिंग अमाउंट के तहत 55 हजार रुपए जमा करने को कहा गया। इसके बाद एक अन्य नंबर से कॉल कर खुद को बीमा अधिकारी बताने वाले शख्स ने दबाव बनाया कि नई पॉलिसी नहीं लेने पर पुरानी पॉलिसी बंद हो जाएगी।

इसी दौरान पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया, जिसे क्लिक करते ही उसके खाते से 55 हजार रुपए कट गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में रोज साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।

सावधान रहें: ऐसे बचें साइबर ठगी से
- किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें
- बीमा या बैंक से जुड़ी जानकारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या कार्यालय से ही लें
- फ्रीजिंग चार्ज, प्रोसेसिंग फीस जैसे नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें
- संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें




































