RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग भड़क उठी। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अब तक 5 दमकल वाहन आग बुझाने में लगे हुए हैं, जबकि अतिरिक्त गाड़ियों को भी बुलाया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम मौके पर तैनात है और पूरे हालात पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल हताहत या घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि रेस्क्यू टीम एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लास्टिक गोदाम में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस पूरे परिसर की जांच कर कारण जानने में जुटी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया जा रहा है। फैक्ट्री में प्लास्टिक से जुड़ी ज्वलनशील सामग्री होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप लिया।

शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दमकल की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हैं और ऑपरेशन कई घंटों से जारी है। आग के चलते आसपास के इलाके में धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






































