KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला अस्पताल में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला अपने बच्चे का टीकाकरण कराने अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत की। महिला के विरोध करने पर अस्पताल में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोढ़ी निवासी दुर्गा शंकर ढहरिया के रूप में हुई है। वह शादीशुदा बताया जा रहा है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है।
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर की छेड़छाड़
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने बच्चे को टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी दुर्गा शंकर ढहरिया काफी देर से अस्पताल परिसर में घूम रहा था। आरोप है कि उसने भीड़भाड़ वाली जगह पर मौका देखकर महिला के साथ छेड़छाड़ की।महिला ने जब आरोपी की हरकत का विरोध किया, तो आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जिला अस्पताल चौकी पुलिस को सौंप दिया। मौके पर डायल 112 की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
घटना के बाद आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले किया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दुर्गा शंकर ढहरिया को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी अस्पताल में किस काम से और कब पहुंचा था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल में निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद परिसर में छेड़छाड़, चोरी और हंगामे जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का सवाल है कि जब अस्पताल में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी की व्यवस्था है, तो इस तरह की घटनाओं को रोकने में सुरक्षा व्यवस्था नाकाम क्यों हो रही है?



































