JOB NEWS. छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश की तीनों बिजली कंपनियों में 1,501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 38 प्रकार के पदों के लिए 5 नवंबर 2026 को विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर की रात 8 बजे से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए की जाएगी। तीनों कंपनियों में सबसे ज्यादा पद डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के हैं।

कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं। इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों पर भर्ती होगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं। इस तरह भर्ती में बड़ी संख्या में तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर युवाओं को अवसर मिलेगा। भर्ती विज्ञापन में सहायक अभियंता के कुल 152 पद शामिल हैं। इनमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर के 1, सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

कनिष्ठ अभियंता के अन्य पदों में मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस का 1, सूचना प्रौद्योगिकी का 1 और सिविल के 26 पद शामिल हैं। भर्ती में आईटीआई और अन्य तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर हैं। अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III के तहत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद हैं। इसके अलावा सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10, सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 और फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पदों पर भर्ती होगी।

अन्य पदों में लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक विधि अधिकारी के 8, सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III अंग्रेजी के 12 और हिंदी के 13 पद शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद हैं।

आवेदन से जुड़ी जरूरी तारीखें
ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर 2026 को रात 8 बजे से शुरू होंगे। आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 रात 11.55 बजे निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे। तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता की शर्तें अलग-अलग निर्धारित हैं। इनकी जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है।
आवेदन में देनी होगी कंपनी की प्राथमिकता
तीनों बिजली कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म में कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी देना होगा। अंतिम चयन मेरिट, अभ्यर्थी की ओर से दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा। यह भर्ती पूर्व में 7 अगस्त 2026 को जारी लघु विज्ञापन और 14 सितंबर 2026 को जारी संशोधन के आधार पर निकाली गई है। अभ्यर्थी पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन और आवेदन संबंधी निर्देश देख सकते हैं। उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

































