JHARKHAND NEWS. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ढाई साल की बच्ची का शव नाले से बरामद किया गया है। बच्ची की हत्या का आरोप उसके सौतेले चाचा समीर पान पर लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्ची को नाले के पास ले गया और कथित तौर पर धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह पूरा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव का है। पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता ने 11 नवंबर को थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और जांच के दौरान बच्ची के सौतेले चाचा की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
ओडिशा से मां के साथ आई थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता ओडिशा के क्योंझर जिले के रहने वाले हैं। बच्ची अपनी मां के साथ ओडिशा से पश्चिम सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नरसंडा गांव आई थी। यहां वह अपने सौतेले चाचा समीर पान के घर रह रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि 11 नवंबर को बच्ची अपने सौतेले चाचा के साथ घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बताया जा रहा है कि समीर पान का बच्ची की मां के साथ प्रेम संबंध था और वह उसके साथ किसी दूसरे स्थान पर रहना चाहता था।
बच्ची को रास्ते की रुकावट मानने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को लगता था कि बच्ची उसके और उसकी मां के साथ रहने की योजना में बाधा बन रही है। इसी वजह से उसने कथित तौर पर बच्ची को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि 11 नवंबर को समीर किसी बहाने से बच्ची को नाले के पास ले गया और उसे धक्का दे दिया। इसके बाद बच्ची की मौत हो गई। पुलिस को आरोपी की भूमिका पर संदेह हुआ, जिसके बाद शुक्रवार को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म, नाले से मिला शव
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के शुरुआती दौर में समीर ने गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि बाजार जाने से पहले वह बच्ची को घर पर छोड़कर गया था। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गांव के पास नाले से बच्ची का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने समीर पान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ढाई साल की मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।



































