JOB NEWS. रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN) क्रमांक 08/2026 के तहत रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के माध्यम से की जा रही है। किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक फॉर्म जमा कर सकते हैं।

रेलवे की ओर से जारी जोनवार रिक्तियों में मुंबई सबसे आगे है। यहां स्टेशन मास्टर के 177 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर में 122 और चेन्नई में 119 पद निर्धारित किए गए हैं। देश के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों के माध्यम से अन्य जोन में भी नियुक्तियां होंगी। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर पद के लिए अलग से भर्ती अधिसूचना जारी करने की व्यवस्था शुरू की है। स्टेशन मास्टर का पद सातवें वेतन आयोग के पे-लेवल-6 के अंतर्गत आता है।

इसके लिए शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपए निर्धारित है। इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमानुसार महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य अनुमन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी सूचनाएं रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

आवेदन से पहले जान लें जरूरी बातें
पद का नाम: स्टेशन मास्टर
कुल रिक्तियां: 1,265
शैक्षणिक योग्यता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक
पे-लेवल: लेवल-6
शुरुआती मूल वेतन: 35,400 रुपए प्रतिमाह
आवेदन शुरू होने की तारीख: 27 अक्टूबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 25 नवंबर 2026
शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 27 नवंबर 2026

कहां और कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार रेलवे के ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले भर्ती अधिसूचना में दी गई पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और आवेदन संबंधी निर्देशों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।
ऑनलाइन आवेदन: www.rrbapply.gov.in
आधिकारिक वेबसाइट: rrb.indianrailways.gov.in
नोटिफिकेशन: CEN 08/2026 (Station Master)


































