ASIAN GAMES 2026. भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन ही बना सकी। इस तरह टीम इंडिया ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजों ने पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।
𝗚𝗢𝗟𝗗 𝗠𝗘𝗗𝗔𝗟𝗟𝗜𝗦𝗧𝗦 𝗔𝗚𝗔𝗜𝗡 🥇
Congratulations #TeamIndia for successfully defending the Asian Games Gold Medal 👏👏
Scorecard ▶️ https://t.co/g4wzZagyGj#AsianGames pic.twitter.com/sg7z4dhUzH
— BCCI (@BCCI) October 3, 2026
अभिषेक शर्मा ने मचाया धमाल
टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। वैभव 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। अभिषेक ने महज 28 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 7 छक्के शामिल रहे। हालांकि इसके बाद भारतीय पारी के बीच के ओवरों में कुछ विकेट जल्दी गिरने से रन बनाने की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई।

तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में पलटा मैच
मध्यक्रम में विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 51 रन की शानदार पारी खेली। तिलक ने अपनी पारी में 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने भी तेजी से रन बनाते हुए टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने आखिरी चार ओवरों में 69 रन जोड़कर पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रख दिया।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा टी20 स्कोर
211 रन का स्कोर भारत का पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। इससे पहले भारत ने 2012 में अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ 192 रन बनाए थे।
हसन नवाज ने अकेले संभाली पाकिस्तान की पारी
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 96 रन बनाए। सईम अयूब ने 29 रन की पारी खेली। इसके बावजूद पाकिस्तान की टीम जरूरी रन रेट को कायम नहीं रख सकी और 20 ओवर में 192 रन तक ही पहुंच पाई।भारत की ओर से अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए।
आखिरी ओवर में चाहिए थे 33 रन
पाकिस्तान को मैच के आखिरी ओवर में जीत के लिए 33 रन की जरूरत थी। शिवम दुबे ने अंतिम ओवर में गेंदबाजी की। पाकिस्तान इस ओवर में जरूरी रन नहीं बना सका और भारत ने 19 रन से मुकाबला जीत लिया।

सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन
भारत ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।फाइनल में दोनों टीमों ने अपनी सेमीफाइनल वाली प्लेइंग इलेवन पर ही भरोसा जताया और टीम में कोई बदलाव नहीं किया।
भारत की प्लेइंग XI
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान की प्लेइंग XI
साहिबजादा फरहान (कप्तान), सैम अयूब, उस्मान खान (विकेटकीपर), माज सदाकत, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद और सुफियान मुकीम।





































