KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय जमकर हंगामा हुआ, जब छोटे व्यापारियों की परेशानी सुनकर महापौर संजू देवी राजपूत खुद मौके पर पहुंच गईं। सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहनों को हटाने की मांग पर जब कर्मचारियों ने तत्काल अमल नहीं किया तो महापौर नाराज हो गईं और बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। महापौर के इस कदम से निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। आखिरकार अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वाहन हटवाने पड़े।
छोटे दुकानदारों की शिकायत पर बाजार पहुंचीं महापौर
दरअसल, कुछ दिनों पहले नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार और आसपास के इलाकों में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के पालन में निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान दो दिन पहले स्थानीय विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई गई।
इस विवाद के बाद निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ पर अपने वाहन खड़े कर दिए थे। शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर दुकान लगाने पहुंचे छोटे व्यापारियों ने देखा कि उनकी दुकानों और पसरी के आसपास नगर निगम के वाहन खड़े हैं। इससे उन्हें कारोबार करने में काफी परेशानी हो रही थी।
कर्मचारियों ने नहीं मानी बात तो सड़क पर बैठ गईं महापौर
परेशान दुकानदारों ने अपनी समस्या महापौर संजू देवी राजपूत के सामने रखी। शिकायत मिलते ही महापौर बाजार पहुंचीं और निगम कर्मचारियों को तत्काल वहां से वाहन हटाने के निर्देश दिए। लेकिन जब उनके निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। महापौर के धरने की खबर मिलते ही नगर निगम के अधिकारियों में हलचल तेज हो गई। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों को हटवाया। इसके बाद महापौर ने अपना धरना समाप्त किया।
‘हर व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार’
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने भी निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के खिलाफ एकरूपता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। प्रत्येक व्यापारी को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना सही नहीं है।
फिलहाल, महापौर के विरोध और धरने के बाद निगम प्रशासन ने वाहनों को मौके से हटवा दिया। इसके साथ ही बुधवारी बाजार में व्यापारियों को कारोबार करने में हो रही तत्काल परेशानी दूर हो गई।



































