KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर से लगे ग्राम पंचायत चौगेल में शिक्षक विमल गोटा का शव उनके घर के अंदर मिला। घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शिक्षक की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घर के अंदर से शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी भौतिक साक्ष्य भी जुटाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमल गोटा घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी भी पेशे से शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनके घर में किसी की आवाजाही नहीं देखी गई थी। जब आसपास के लोगों ने घर के पास से गुजरते हुए तेज बदबू महसूस की तो उन्हें किसी अनहोनी का संदेह हुआ।

इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर की जांच की, जहां शिक्षक का शव मिला। घटना के बाद पुलिस शिक्षक की पत्नी और उनके करीबियों से संपर्क कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है। पड़ोसियों से भी पूछताछ की गई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।





































