JOB NEWS. सरकारी बैंक में नौकरी की तलाश कर रहे अनुभवी युवाओं के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी पाने का अवसर है। बैंक ने अपने वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज (WMS) विभाग में 837 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत ग्रुप हेड, हेड इनवेस्टमेंट, टेरिटरी हेड, इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर और सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 24 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

यह भर्ती संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएगी। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, प्रोफेशनल सर्टिफिकेट और कार्य अनुभव की शर्तें निर्धारित की गई हैं। इस भर्ती में सबसे ज्यादा 791 पद सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के हैं। वहीं टेरिटरी हेड के 35, ग्रुप हेड के 8, इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर के 2 और हेड इनवेस्टमेंट का एक पद शामिल है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 साल, ओबीसी वर्ग को 3 साल और दिव्यांग अभ्यर्थियों को श्रेणी के अनुसार 10 से 15 साल तक की छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर होगी।

इस भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट और व्यक्तिगत साक्षात्कार के माध्यम से किया जा सकता है। बैंक जरूरत के अनुसार चयन प्रक्रिया में बदलाव भी कर सकता है। यदि ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाती है तो उसमें प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। व्यक्तिगत साक्षात्कार में सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करना होगा।

भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
ग्रुप हेड: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के साथ मैनेजमेंट में दो वर्षीय फुल टाइम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा अथवा फाइनेंस, मार्केटिंग या बैंकिंग में एमबीए होना चाहिए। संबंधित क्षेत्र में कम से कम 12 साल का अनुभव और निर्धारित NISM व IRDA सर्टिफिकेट जरूरी हैं।
हेड इनवेस्टमेंट: किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ निर्धारित NISM सर्टिफिकेट और संबंधित क्षेत्र में कम से कम 10 साल का अनुभव होना चाहिए।
टेरिटरी हेड: ग्रेजुएशन के साथ मैनेजमेंट में दो वर्षीय फुल टाइम पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा अथवा फाइनेंस, मार्केटिंग या बैंकिंग में एमबीए होना चाहिए। संबंधित क्षेत्र में कम से कम 8 साल का अनुभव आवश्यक है। निर्धारित NISM और IRDA सर्टिफिकेट वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इनवेस्टमेंट प्रोडक्ट मैनेजर: ग्रेजुएशन के साथ निर्धारित NISM सर्टिफिकेट और संबंधित क्षेत्र में कम से कम 5 साल का अनुभव होना चाहिए।
सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर: किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन, निर्धारित NISM या IRDA सर्टिफिकेट और संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 साल का पोस्ट क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है।

24 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
बैंक ऑफ बड़ौदा की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थियों को बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करियर सेक्शन में भर्ती का लिंक खोलना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। शैक्षणिक योग्यता, प्रोफेशनल सर्टिफिकेट, अनुभव प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।




































