DURG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक बहन ने कथित तौर पर अपने ही सगे भाई की सिलबट्टे (लोढ़ा) से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि भाई की रोजाना शराब पीने और घर में विवाद करने की आदत से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी बहन ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की कहानी भी सुनाई। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया।
बिस्तर पर खून से लथपथ मिला युवक का शव
मामला उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री का है। जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर को 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव उसके घर में बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक के सिर और बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी सबसे पहले उसकी 34 वर्षीय बहन धन्नी धनकर ने आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में हत्या का मामला संदिग्ध नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने घर के सदस्यों से पूछताछ शुरू की।
बहन ने ही भाई की हत्या करना कबूला
पुलिस की जांच के दौरान मृतक की बहन धन्नी धनकर पर शक गहराने लगा। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह अपने बयान पर कायम नहीं रह सकी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी महिला ने बताया कि उसका भाई धर्मेन्द्र पाल रोजाना शराब के नशे में घर आता था और विवाद करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा और मारपीट हो चुकी थी। लगातार होने वाले विवाद से वह परेशान थी।
नशे में सो रहे भाई के सिर पर सिलबट्टे से किए वार
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात धर्मेन्द्र पाल शराब के नशे में घर पहुंचा और सो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर धन्नी धनकर ने घर में रखे सिलबट्टे के लोढ़े से सो रहे भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण धर्मेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला सोने चली गई। सुबह उसने खुद ही लोगों को भाई की हत्या की जानकारी दी और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा पुलिस ने किया जब्त
पुलिस ने पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई। आरोपी महिला की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना सिलबट्टा (लोढ़ा) भी बरामद कर जब्त किया गया है। पुलिस ने धन्नी धनकर को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पति और पत्नी भी रहते थे अलग
जानकारी के मुताबिक, आरोपी धन्नी धनकर शादी के बाद अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। वहीं, मृतक धर्मेन्द्र पाल की पत्नी भी अपने मायके में रह रही थी। ऐसे में भाई-बहन दोनों घर में साथ रह रहे थे।



































