RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ मौदहापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 14.10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त हेरोइन और नकदी की कुल कीमत 1 लाख 5 हजार 400 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आम लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक सूचीबद्ध गुंडा बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया है।
बाम्बे मार्केट में चल रहा था हेरोइन का कारोबार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाम्बे मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोग मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मौदहापारा पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अब्दुल अजीम उर्फ अज्जू निवासी पंजाब टायर के पीछे, मौदहापारा और मोहम्मद शब्बीर निवासी अफरोज बाग, मौदहापारा के रूप में हुई है। 
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 14.10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 98 हजार 700 रुपये बताई गई है। इसके अलावा बिक्री से मिली 6 हजार 700 रुपये की नकदी भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चाकू लहराकर राहगीरों को डरा रहा था बदमाश
नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने जोरापारा में भी एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जोरापारा स्थित विट्ठल देव मंदिर के पास अनिकेत यादव उर्फ शेरा धारदार बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़कर चाकू जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अनिकेत यादव मौदहापारा थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। इसके अलावा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोशन दास मानिकपुरी के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।




































