UP NEWS. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के करीब छह महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर सुहागरात के दौरान गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है मामला घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेराघाट गांव का है। मृतका की पहचान आजमगढ़ जिले के सिकरौरा गांव निवासी दुक्खी चौहान की 22 वर्षीय बेटी अस्का चौहान के रूप में हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छह महीने पहले की थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, अस्का चौहान की शादी 7 मई 2026 को मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेराघाट गांव निवासी हरिश्चंद्र चौहान के साथ हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद अस्का अपने मायके में रह रही थी।13 नवंबर को गवना की रस्म के तहत मायके से उसकी विदाई हुई और वह ससुराल पहुंची। परिवार में नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की खुशियां थीं, लेकिन अगले ही दिन यानी 14 नवंबर को उसकी मौत की खबर सामने आ गई।
सुहागरात पर गला दबाकर हत्या का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद अस्का की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद उसका पति हरिश्चंद्र मौके से फरार हो गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर घोसी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए।
पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए घोसी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति हरिश्चंद्र समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी के छह महीने बाद ही खत्म हुआ साथ
अस्का और हरिश्चंद्र की शादी 7 मई 2026 को हुई थी। शादी के बाद अस्का मायके में रह रही थी और 13 नवंबर को गवना की रस्म के बाद ससुराल पहुंची थी। लेकिन ससुराल आने के महज एक दिन बाद उसकी मौत हो गई। फिलहाल पति के फरार होने और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।




































