BIJAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर करीब 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट की खबर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। लेकिन पुलिस की जांच में इस कथित लूट की कहानी झूठी निकली। दरअसल, कर्ज के दबाव से बचने के लिए ज्वेलरी व्यापारी ने लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी। पुलिस की लगातार 16 घंटे की जांच और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। व्यापारी स्वरूप सोनी ने पुलिस को सूचना दी थी कि पांडे मुर्गा गांव के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर उससे जेवरात से भरा बैग लूट लिया और जंगल की ओर फरार हो गए। शुरुआती सूचना में लूटे गए जेवरात की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई थी।
नेशनल हाईवे पर लूट की दी थी झूठी सूचना
जानकारी के मुताबिक, गीदम के ज्वेलरी व्यापारी स्वरूप सोनी रोजाना की तरह भैरमगढ़ स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान से गीदम जा रहे थे। सोमवार शाम करीब 6:15 बजे उनका तूफान वाहन नेशनल हाईवे-63 पर पांडे मुर्गा गांव के पास पहुंचा। व्यापारी ने दावा किया था कि इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए तीन अज्ञात लोगों ने उनका वाहन रुकवाया और चाकू दिखाकर जेवरात से भरा बैग छीनकर जंगल की तरफ भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही नेलसनार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती जानकारी में करीब दो करोड़ रुपये के जेवरात लूटे जाने की बात सामने आई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।
एसपी ने गठित कीं तीन विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने जांच के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच तेज की। इसके साथ ही 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने करीब 16 घंटे तक लगातार जांच और पूछताछ की। इस दौरान कथित रूप से लूटे गए तीन मोबाइल फोन जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिए गए।
कर्ज के दबाव में व्यापारी ने रची लूट की कहानी
पुलिस की पूछताछ में व्यापारी स्वरूप सोनी ने कथित लूट की कहानी गढ़ने की बात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि व्यापारी ने कर्ज के दबाव से बचने के लिए तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की झूठी कहानी बनाई थी। इस खुलासे के बाद करीब दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट का मामला पूरी तरह पलट गया। जिस घटना को लेकर हाईवे पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे, वह व्यापारी की बनाई हुई मनगढ़ंत कहानी निकली।
पुलिस ने आम जनता से की अपील
इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना को लेकर झूठी सूचना न दें। गलत जानकारी देने से पुलिस का समय और संसाधन अनावश्यक रूप से खर्च होते हैं। साथ ही वास्तविक अपराधों की जांच भी प्रभावित हो सकती है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच के आधार पर कथित लूट की सच्चाई सामने आ चुकी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जानकारी पुलिस द्वारा दी जाएगी।



































