CHHATTISGARH NEWS. छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो लोगों के बैंक खातों से कुल 4 लाख 89 हजार रुपये पार कर दिए। पहली घटना जगदलपुर में सामने आई, जहां साइबर ठगों ने APK फाइल के जरिए दुकान संचालक के खाते से 3 लाख 19 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, दूसरी घटना पेंड्रा के लटकोनीकला गांव की है, जहां एक महिला का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 1 लाख 70 हजार रुपये की ठगी की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
APK फाइल का लिंक खोलते ही खाते से गायब हुए 3.19 लाख रुपये
पहला मामला जगदलपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित पारस प्रोविजन स्टोर का है। यहां 52 वर्षीय दुकान संचालक शिशपाल जैन साइबर ठगी का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक APK फाइल का लिंक आया था। उन्होंने जैसे ही उस लिंक को टच किया, मोबाइल पर ओटीपी आया।
बताया जा रहा है कि ओटीपी साझा करने के बाद उनके बैंक खाते से 3 लाख 19 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को लेकर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर फ्रॉड और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
महिला का मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 1.70 लाख रुपये
साइबर ठगी का दूसरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के लटकोनीकला गांव का है। यहां घरेलू काम करने वाली महिला रेखा आर्मो के मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से 1 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
महिला के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को उनका मोबाइल बार-बार अपने आप बंद और चालू हो रहा था। परेशानी होने पर उन्होंने मोबाइल सेंटर जाकर फोन ठीक कराया। कुछ समय बाद जब उन्होंने फोनपे से भुगतान करने के लिए अपना बैंक खाता चेक किया, तो खाते से पैसे गायब होने की जानकारी मिली।
जांच करने पर पता चला कि उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 15 अक्टूबर की शाम 95 हजार रुपये एक यूपीआई खाते में और 5 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके अलावा 16 अक्टूबर को शाम करीब 5:58 बजे युवराज नाम के यूपीआई खाताधारक के खाते में भी रकम भेजी गई। इस तरह उनके खाते से कुल 1 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
महिला ने घटना की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दी और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पेंड्रा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील- अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP किसी को न बताएं
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस लगातार लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड या ओपन न करें। बैंक खाते से जुड़ा ओटीपी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





































