PENDRA NEWS. छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से अंधविश्वास और डर के सहारे लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कथित बाबा ने पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर एक परिवार को ऐसा डराया कि उन्होंने अपनी जमा-पूंजी के साथ उधार लेकर भी लाखों रुपये दे दिए। आरोपी ने परिवार को पति की मौत का भय दिखाकर करीब 24.35 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार पर बुरी आत्मा का साया बताकर डराया
मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है। छटनटिकरा करगीखुर्द निवासी मायावती कंवर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक, जून 2026 में एक व्यक्ति उनके गांव पहुंचा और खुद को बाबा नंदी महाराज उर्फ मनीष महाराज बताया।

आरोपी ने मायावती कंवर, उनके पति बृजलाल सिंह कंवर और बेटी वर्षा पैंकरा को बताया कि उनके परिवार पर किसी बुरी आत्मा का साया है। उसने दावा किया कि इसी वजह से परिवार में परेशानियां आ रही हैं और कुछ ही दिनों में उनके पति की मौत भी हो सकती है।
इस कथित संकट से परिवार को बचाने के नाम पर बाबा ने विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान कराने का भरोसा दिया। शुरुआत में उसने 1,600 रुपये लिए। इसके बाद वह लगातार मोबाइल के जरिए परिवार के संपर्क में रहा और अलग-अलग तारीखों पर पैसे मंगवाता रहा।
ऑनलाइन ट्रांसफर से लेकर लाखों रुपये नकद तक वसूले
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के कहने पर विकास सिंह पैंकरा, संजय यादव, सरोज पैकरा, पूनम यादव और देवकी के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में कुल 33,800 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 को आरोपी ने विशेष अनुष्ठान के लिए पीड़िता को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के ग्राम किंदारी बुलाया। यहां उसने बड़ी रकम की मांग की। पति की जान बचाने की उम्मीद में मायावती ने रिश्तेदारों और परिचितों से लाखों रुपये उधार लिए।
पीड़िता ने अपनी बहन दयावती पैकरा से 5 लाख रुपये, शिक्षक जहान सिंह पैकरा से 6 लाख रुपये, मोतीलाल पैकरा से 3 लाख रुपये, राजकुमार मरावी से 2 लाख रुपये, सत्यनारायण से 2 लाख रुपये और शत्रुघन सिंह मरकाम से 1.5 लाख रुपये उधार लिए। बाकी रकम घर से जुटाई गई।
इस तरह कुल 24 लाख रुपये नकद इकट्ठा कर मंडला में राजकुमार यादव की मौजूदगी में कथित बाबा को सौंप दिए गए।
24 लाख से ज्यादा की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया केस
जब पीड़िता को एहसास हुआ कि पूजा-पाठ और पति की जान बचाने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है, तब उसने पेंड्रा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन और नकद लेनदेन को मिलाकर कुल 24 लाख 35 हजार 400 रुपये की ठगी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबरों के धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।





































