RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्टूबर से शुरू होगी। परीक्षा 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कुल 34,604 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। निर्धारित समय से देर होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र और प्रवेश से जुड़े दिशा-निर्देश प्रवेश पत्र के साथ उपलब्ध कराए गए हैं।

परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए दो घंटे निर्धारित किए गए हैं। प्रश्नपत्र में कुल 100 प्रश्न होंगे और पूर्णांक भी 100 अंक रहेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में छह-छह केंद्र बनाए गए हैं। दुर्ग और भिलाई में चार-चार, जगदलपुर में दो तथा चांपा और सरगुजा में एक-एक परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। परीक्षा के बाद उत्तरों का मॉडल उत्तर जारी किया जाएगा।

तीन पालियों में होगी परीक्षा
सीबीटी परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। पाली के अनुसार परीक्षा का समय और केंद्र में प्रवेश का समय निर्धारित किया गया है।
पहली पाली: सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक। केंद्र में प्रवेश सुबह 7 बजे से।
दूसरी पाली: दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक। केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे से।
तीसरी पाली: शाम 4:30 से 6:30 बजे तक। केंद्र में प्रवेश दोपहर 3 बजे से।


































