INDORE NEWS. मध्य प्रदेश के इंदौर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसे सुनकर बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की याद आ सकती है। हालांकि, यह फिल्म अभिनेता नहीं, बल्कि 21 साल का एक युवक है, जो विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला के नाम से पहचाना जाता है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने उसे ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम पहले गिरफ्तार किए गए ड्रग्स तस्कर मनोज उर्फ मन्नू वर्मा से पूछताछ के दौरान सामने आया था।
डेढ़ लाख की ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया था मनोज
दरअसल, इस मामले की शुरुआत 4 नवंबर को हुई थी। इंदौर क्राइम ब्रांच ने राजकुमार सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर मनोज उर्फ मन्नू वर्मा को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई थी। पुलिस ने इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई थी।
मनोज से पूछताछ के दौरान पुलिस को नशे के कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों की जानकारी मिली। इसी दौरान विशाल उर्फ संजय दत्त बुंदेला का नाम सामने आया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए चल रहा था फरार
पुलिस के मुताबिक, विशाल उर्फ संजय दत्त इंदौर के निरंजनपुर नई बस्ती का रहने वाला है। मनोज की गिरफ्तारी के बाद उसे भी पकड़े जाने का अंदेशा था, जिसके चलते वह फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसकी तलाश की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 भी जोड़ दी है।
मारपीट, अड़ीबाजी और लूट के मामले भी दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विशाल उर्फ संजय दत्त के खिलाफ पहले से ही मारपीट, अड़ीबाजी और लूट जैसे अपराधों के मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ नशे के कारोबार में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही क्राइम ब्रांच
फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई जाती थी, इसकी सप्लाई किन लोगों को की जाती थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।एडीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है और ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




































