JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरी की एक वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी को बागबहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का सोने का एक जोड़ी कर्णफूल भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर भगत (34 वर्ष), निवासी ग्राम डूमरबहार के रूप में हुई है।
रात में घर का ताला तोड़कर की चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डूमरबहार निवासी ललित यादव (20 वर्ष), पिता रविशंकर यादव ने थाना बागबहार में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे।
इसके बाद रात करीब 10:30 बजे जब ललित होटल से अपने घर पहुंचा, तो घर के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी से गायब मिले सोने के कर्णफूल
ललित ने घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने घर की तलाशी ली, तो अलमारी में रखा सोने का एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिला। ललित ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात पुलिस को बताई और उस पर चोरी का संदेह जताया। शिकायत के आधार पर बागबहार पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने कबूली चोरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने संदेही शंकर भगत की तलाश शुरू की। पुलिस ने ग्राम डूमरबहार में पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान शंकर भगत ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और अलमारी में रखे सोने के एक जोड़ी कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर बरामद कर जब्त कर लिए।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग और सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




































