JHANSI NEWS. झांसी के मऊरानीपुर के सर्राफा बाजार में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब साधु या अघोरी बाबा के भेष में एक व्यक्ति एमजी ज्वैलर्स में पहुंचा। व्यापारी से कुछ देर बातचीत के बाद वह दुकान से सोना और नकदी लेकर निकल गया। व्यापारी ने पुलिस को दी शिकायत में करीब 10 ग्राम सोना और 17 हजार रुपये नकद ले जाने का आरोप लगाया है। चोरी किए गए सोने की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

पायल दिखाने के बहाने दुकान में पहुंचा
दुकान संचालक संतोष रैकवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति बाबा के भेष में दुकान पर आया था। उसने पायल दिखाने की बात कही। बातचीत के दौरान व्यापारी का आरोप है कि उसने अपनी बातों में इस तरह उलझाया कि वह उसके कहे अनुसार करता चला गया।

व्यापारी के मुताबिक, उसने खुद बाबा को करीब 10 ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की गड्डी दी थी। आरोप है कि व्यक्ति ने उसमें से करीब 17 हजार रुपये निकाल लिए और कुछ रकम वापस कर दी। उसके दुकान से जाने के बाद व्यापारी को पूरे घटनाक्रम का एहसास हुआ।

CCTV में कैद हुई संदिग्ध की हरकत
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें धार्मिक वेशभूषा, माला और माथे पर रंग-राख लगाए एक व्यक्ति दुकान के काउंटर के सामने व्यापारी से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। वह काफी देर तक दुकान में मौजूद रहा और सामान को लेकर बातचीत करता नजर आया। फुटेज में कुछ समय बाद वह काउंटर की ओर हाथ बढ़ाता हुआ भी दिखाई देता है। इसके बाद वह दुकान से बाहर निकल जाता है। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई और चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है।

व्यापारी बोले- सम्मोहन नहीं, बातों में उलझाकर लिया सामान
मामले में मऊरानीपुर सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाबा के भेष में आया व्यक्ति दुकानदार को अपनी बातों में लेकर रुपए और सामान ले गया। पुलिस अधिकारी ने सम्मोहन विद्या के इस्तेमाल की बात से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह जानकारी भी सामने आई है कि इसी तरह की घटनाओं में इस व्यक्ति की भूमिका होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिक्शे से जाने की बात आई सामने
सर्राफा बाजार के पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी भी घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना दोपहर करीब 12 से सवा 12 बजे के बीच की है। उनके अनुसार, दुकान से निकलने के बाद संदिग्ध सौरभ स्वीट हाउस के पास से रिक्शे में बैठकर चला गया। उन्होंने बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस से सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश में पुलिस
फिलहाल मऊरानीपुर पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सोने और नकदी की वास्तविक स्थिति तथा आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




































