NEW DELHI NEWS. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) अकाउंट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। बैंक ने इस खाते से जुड़ी मुफ्त कैश निकासी की सीमा में बदलाव किया है। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद खाताधारक महीने में अधिकतम चार बार ही बिना चार्ज के कैश निकाल सकेंगे। चार मुफ्त निकासी पूरी होने के बाद पांचवीं और उसके बाद की प्रत्येक निकासी पर 15 रुपये के साथ GST देना होगा।

नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि मुफ्त निकासी की चार ट्रांजेक्शन की सीमा में सिर्फ ATM से कैश निकालना ही नहीं, बल्कि अन्य माध्यम भी शामिल होंगे। इसमें SBI और दूसरे बैंकों के ATM से निकासी, बैंक ब्रांच से कैश निकालना और AEPS जैसे डिजिटल ट्रांजेक्शन भी गिने जाएंगे। यानी ग्राहक महीने में इन सभी माध्यमों को मिलाकर कुल चार मुफ्त निकासी कर सकेगा। इसके बाद होने वाली हर अतिरिक्त निकासी पर निर्धारित चार्ज देना होगा।

पहले ये था नियम
पहले डिजिटल लेनदेन को मुफ्त कैश निकासी की सीमा में शामिल नहीं किया जाता था। अब 1 अक्टूबर से नियम बदलने के बाद AEPS समेत संबंधित निकासी भी चार मुफ्त ट्रांजेक्शन की सीमा में आएगी। इसलिए BSBD खाताधारकों को महीने के दौरान कैश निकालते समय अपनी फ्री लिमिट का ध्यान रखना होगा।

क्या है SBI का BSBD अकाउंट?
BSBD यानी Basic Savings Bank Deposit Account उन ग्राहकों के लिए बनाया गया है, जो बिना न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्यता के सामान्य बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करना चाहते हैं। इस खाते के साथ ग्राहकों को बेसिक RuPay ATM-कम-डेबिट कार्ड मिलता है। हालांकि इसमें चेकबुक की सुविधा उपलब्ध नहीं होती।

BSBD अकाउंट के साथ दूसरा सेविंग्स अकाउंट नहीं
SBI के BSBD खाते की एक अहम शर्त यह भी है कि ग्राहक बैंक में इसके साथ कोई दूसरा सेविंग्स अकाउंट नहीं रख सकता। अगर किसी ग्राहक के पास पहले से SBI का सामान्य सेविंग्स अकाउंट है और वह BSBD अकाउंट खोलता है, तो उसे 30 दिनों के भीतर अपना पुराना सेविंग्स अकाउंट बंद करना होगा।




































