RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में योग को स्कूलों, छात्रावासों और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार ने पहले चरण में प्रदेश में 1800 योग शिक्षकों की नियुक्ति या व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इनके जरिए विद्यार्थियों और छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को नियमित योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में संचालित चार नेचुरोपैथी महाविद्यालयों में से एक में योग का संचालन किया जाएगा।

इसके साथ ही सभी वेलनेस सेंटरों में योग के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा। सरकार की योजना के तहत प्रदेश के सभी स्कूलों और छात्रावासों में योग की एक कक्षा संचालित की जाएगी। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को योग सिखाने के लिए प्रशिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।

पहले चरण में 1800 योग शिक्षकों की नियुक्ति/व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योग को आम लोगों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य क्षेत्र में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

योग को वेलनेस सेंटरों, शैक्षणिक संस्थानों और नेचुरोपैथी से जोड़कर व्यापक स्तर पर लागू करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य लोगों को योग के जरिए बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।







































