JOB NEWS. मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का मौका है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह पुलिस विभाग में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 655 पद भरे जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि उम्मीदवार 8 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती परीक्षा की शुरुआत 3 नवंबर 2026 से होगी। दोनों पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। हालांकि, पद के अनुसार तकनीकी योग्यता अलग-अलग रखी गई है। सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक: उम्मीदवार के पास हिंदी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति होनी चाहिए।

मान्यता प्राप्त बोर्ड, पॉलिटेक्निक या आईटीआई से हिंदी आशुलिपि की योग्यता के साथ वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड जरूरी है। इसके अलावा कंप्यूटर से संबंधित एक वर्षीय डिप्लोमा भी मांगा गया है। सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक): 12वीं पास होने के साथ वैध सीपीसीटी हिंदी टाइपिंग स्कोर कार्ड जरूरी है। एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा के अलावा बीई, बीटेक, एमसीए, बीसीए, एमएससी कंप्यूटर साइंस, आईटी तथा एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संबंधित पॉलिटेक्निक डिप्लोमा जैसी तकनीकी योग्यताएं भी मान्य हैं।

उम्र की गणना 8 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य वर्ग के पुरुष और मध्य प्रदेश से बाहर के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 33 वर्ष है। मध्य प्रदेश की सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों तथा राज्य के एससी, एसटी और ओबीसी पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष रखी गई है। विक्रम पुरस्कार प्राप्त पुरुष उम्मीदवारों के लिए भी अधिकतम आयु 38 वर्ष है। महिला विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों और आरक्षित वर्ग के पुरुष विक्रम पुरस्कार प्राप्त उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष है। अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र मध्य प्रदेश निवासी उम्मीदवारों को निर्धारित आयु सीमा में 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिल सकती है।

जानिए कितनी मिलेगी सैलरी?
सूबेदार (मंत्रालयिक): ₹36,200 से ₹1,14,800
सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक): ₹19,500 से ₹62,000
चयनित उम्मीदवारों के लिए पेंशन व्यवस्था भी लागू होगी।
ऐसे होगा चयन
चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षा शामिल होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। लिखित परीक्षा के बाद पद और श्रेणी के अनुसार उपलब्ध पदों की संख्या के सात गुना उम्मीदवारों को कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। कौशल परीक्षा भी 100 अंकों की होगी और इसमें कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। सूबेदार आशुलिपिक की कौशल परीक्षा में हिंदी आशुलिपि की दो परीक्षाएं होंगी। प्रत्येक परीक्षा में 5 मिनट का डिक्टेशन होगा और गति 100 शब्द प्रति मिनट रहेगी। डिक्टेशन के 20 और टाइपिंग के 80 अंक होंगे। वहीं एएसआई पद के लिए हिंदी टाइपिंग परीक्षा होगी, जिसमें 600-600 शब्दों के दो अनुच्छेद टाइप करने होंगे।

655 पदों पर होगी भर्ती
भर्ती में सूबेदार (मंत्रालयिक) आशुलिपिक और सहायक उप निरीक्षक (मंत्रालयिक) के पद शामिल हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है:
सूबेदार, सामान्य शाखा: 125 पद
सूबेदार, विशेष शाखा: 10 पद
सहायक उप निरीक्षक, सामान्य शाखा: 100 पद
सहायक उप निरीक्षक, मैदानी इकाई: 370 पद
सहायक उप निरीक्षक, विशेष शाखा: 25 पद
सहायक उप निरीक्षक, सीआईडी: 25 पद


































