RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में शादी का झांसा देकर करीब 9 साल तक महिला का शारीरिक शोषण करने और उससे 3.20 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने आरोपी स्नेह शर्मा को मध्यप्रदेश के सतना से गिरफ्तार किया है। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है।

FIR के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने वर्ष 2016 से अक्टूबर 2025 के बीच शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। शिकायत में महिला ने आरोपी पर शारीरिक शोषण, मारपीट, गाली-गलौज और रकम हड़पने के आरोप भी लगाए हैं।

शादी का भरोसा देकर साथ रखा
शिकायत के अनुसार, आरोपी स्नेह शर्मा ने महिला को शादी का भरोसा दिया था। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे पर वह लंबे समय तक आरोपी के साथ रही। बाद में आरोपी उसे मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भी अपने साथ ले गया और वहां पत्नी की तरह रखा।

शिकायत में महिला ने बताया है कि आरोपी उसे करीब एक महीने तक मध्यप्रदेश के एक स्थान पर अपने साथ रखने के बाद महाराष्ट्र के सौपाली ले गया, जहां भी करीब डेढ़ महीने तक उसके साथ रहा। इसके बाद आरोपी ने महिला से कहा कि उसके पिता को उसके वहां होने की जानकारी नहीं है और उसे कुछ समय के लिए मायके चले जाना चाहिए। महिला आरोपी की बात मानकर अपने मायके चली गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे संपर्क करना बंद कर दिया और रायपुर चला गया।

रायपुर लौटने पर मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, महिला जून 2025 में रायपुर वापस आई। आरोप है कि रायपुर पहुंचने के बाद आरोपी स्नेह शर्मा, उसके पिता, भाई और बहन ने उसके साथ मारपीट की।
महिला ने शिकायत में यह भी बताया कि उसने इससे पहले भी मोजगहन थाने में शिकायत की थी। उस समय कथित तौर पर राजीनामा कराया गया और भविष्य में उसे प्रताड़ित नहीं करने का आश्वासन दिया गया था।
दूसरी जगह सगाई की, विरोध पर टूटी
FIR में महिला ने आरोप लगाया है कि इसके बाद स्नेह शर्मा अपनी बहन के लिए लड़का देखने की बात कहकर सतना चला गया। इसी दौरान उसने अपने लिए दूसरी जगह रिश्ता तय कर सगाई भी कर ली।जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया। शिकायत के मुताबिक, विरोध के बाद आरोपी की सगाई टूट गई। इसके बाद आरोपी ने महिला को फिर भरोसा दिलाया कि दोनों कहीं और चले जाएंगे और इसके लिए रकम की व्यवस्था करने को कहा।
मां के गहने गिरवी रखकर दिए 3.20 लाख
महिला का आरोप है कि आरोपी के भरोसे में आकर उसने अपनी मां के गहने गिरवी रखे और 3 लाख 20 हजार रुपये आरोपी को दिए। शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने दस्तावेज तैयार करने और साथ रहने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में फिर उसके साथ शारीरिक शोषण और अन्य अत्याचार करने लगा। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज, शारीरिक शोषण/बलात्कार और रकम हड़पने के आरोप लगाए हैं।
FIR में BNS की इन धाराओं में मामला दर्ज
मुजगहन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी स्नेह शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m) और 351(2) के तहत FIR दर्ज की है। FIR के अनुसार, मामले की सूचना पुलिस को 14 जुलाई 2026 को मिली। घटना की अवधि 22 अक्टूबर 2016 से 10 अक्टूबर 2025 दर्ज की गई है।
सतना से गिरफ्तारी, कोर्ट ने भेजा जेल
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के सतना में दबिश देकर स्नेह शर्मा को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




































