GREATER NOIDA NEWS. उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर बाहर निकलने की कोशिश की।
देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी बस
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। फिलहाल बस को पूरी तरह ठंडा करने के लिए कूलडाउन प्रक्रिया जारी है। फायर विभाग के मुताबिक, बस के अंदर कुछ यात्रियों के फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बस के अंदर कितने लोग मौजूद थे और हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं।
ज्वाइंट सीपी ने दी घटना की जानकारी
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि बस में आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बस से छलांग लगा दी। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। यात्रियों से पूछताछ कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
ग्रेटर नोएडा में हुए इस भीषण बस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। बस का नंबर BR32 PA8647 बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से महोबा की ओर जा रही थी। फिलहाल बस में आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से लगी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





































