RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को निकलने वाली गणेश झांकियां इस बार भी अपने पुराने रूट से ही गुजरेंगी। सदर बाजार समेत कुछ इलाकों में जर्जर भवनों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने रूट बदलने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन झांकी समितियों ने इसका विरोध किया। बैठक में लंबी चर्चा के बाद पुराने मार्ग से ही झांकियां निकालने पर सहमति बनी। प्रशासन ने हालांकि सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कई सख्त शर्तें लागू की हैं। खासतौर पर सदर बाजार क्षेत्र में ध्वनि यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुसार ही करना होगा। डीजे का बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पुलिस और प्रशासन ने सभी झांकी समितियों को निर्धारित समय, रूट और क्रम का पालन करने के निर्देश दिए हैं। रात 9 बजे तक सभी झांकियों को तात्यापारा और गुरुनानक चौक तक पहुंचना होगा। इसके बाद रास्ते में किसी झांकी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। झांकी समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करने के लिए कहा गया है। आयोजकों को नशे और हथियारों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खाली रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बार झांकियों के दौरान आतिशबाजी और किसी भी तरह के करतब पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने साफ किया है कि झांकी के दौरान व्यवस्था बिगाड़ने या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सदर बाजार क्षेत्र के कारोबारियों ने इलाके में मौजूद जर्जर भवनों को देखते हुए झांकियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करने का सुझाव दिया था। मालवीय रोड, कोतवाली और सदर बाजार से रूट बदलने का प्रस्ताव भी सामने आया। कुछ झांकी समितियों ने इसका समर्थन किया था।

इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने सभी समितियों के साथ बैठक कर नए रूट पर चर्चा की। हालांकि, समितियों ने पुराने मार्ग से ही झांकी निकालने पर जोर दिया। अंत में प्रशासन ने सुरक्षा नियमों और निर्धारित शर्तों के साथ पुराने रूट को ही मंजूरी दी।

नशे में मिले तो होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने समितियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि झांकी में शामिल कोई सदस्य नशे की हालत में मिला या निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समितियों ने भी नियमों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया है।





































