सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में गणेश उत्सव के दौरान बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजा और आरती की तैयारी के बीच अचानक रेलिंग और तिरपाल का हिस्सा श्रद्धालुओं के ऊपर गिर गया। हादसे में कई लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में करीब 30 से 35 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 60 वर्षीय उमा कपूर की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक अन्य महिला श्रद्धालु नीति मेहरोत्रा की भी मौत हो गई।

आरती की तैयारी के बीच हुआ हादसा
बताया गया कि पंजाबी धर्मशाला के आंगन में गणपति का पंडाल बनाया गया था। यहां करीब डेढ़ फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे आरती की तैयारी चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मशाला में मौजूद थे।

बारिश से बचाव के लिए आयोजकों ने धर्मशाला के छज्जे से तिरपाल बांधी थी। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का पानी तिरपाल पर जमा होने लगा। पानी का भार बढ़ने के बाद तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल के साथ टूटकर नीचे मौजूद श्रद्धालुओं पर जा गिरी।

मलबे में दबे श्रद्धालु, आसपास के लोगों ने चलाया रेस्क्यू
रेलिंग और मलबा गिरते ही पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास रहने वाले लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने मलबे के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीएम राजा गणपति आर, एसपी अंकुर अग्रवाल और एडीएम आयुष चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
8 घायलों की हालत गंभीर
प्रशासन के मुताबिक हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें करीब 8 की हालत गंभीर बताई गई। गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक महिला की मौत की पुष्टि की गई, जबकि बाद में लखनऊ में उपचार के दौरान एक अन्य महिला श्रद्धालु की भी जान चली गई।
प्रशासन और पुलिस की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में बारिश के पानी का भार बढ़ने के कारण तिरपाल और रेलिंग के टूटने की बात सामने आई है।
बलरामपुर में भी गणेश विसर्जन के दौरान छात्रा की मौत
वहीं, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर से भी गणेश उत्सव के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। यहां गणेश विसर्जन के दौरान तेज DJ बजने की बात सामने आई है। बताया गया कि तेज आवाज के बीच स्कूल में पढ़ रही एक छात्रा बेहोश हो गई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
गणेश उत्सव के दौरान सामने आई इन घटनाओं ने धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





































