JOB NEWS. छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सहायक शिक्षक भर्ती के बाद अब स्कूल शिक्षा विभाग और आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत शिक्षक (Teacher) के 1654 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती का विज्ञापन जारी करते हुए परीक्षा की संभावित तिथि 25 अक्टूबर 2026 तय की है। परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल करेगा।

जारी विज्ञापन के अनुसार भर्ती दो संवर्गों में की जाएगी। ई-संवर्ग के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के स्कूलों के लिए नियुक्तियां होंगी, जबकि टी-संवर्ग के तहत आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधीन संचालित स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। भर्ती विज्ञापन के अनुसार सबसे अधिक रिक्तियां अंग्रेजी और संस्कृत विषय में हैं। कुल 1654 पदों में से 804 पद केवल इन दो विषयों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

अंग्रेजी विषय के लिए 504 और संस्कृत विषय के लिए 300 पद स्वीकृत किए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक भर्ती परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा का संचालन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल करेगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और आवेदन कार्यक्रम अलग से जारी किए जाएंगे।

विषयवार रिक्त पद
विषय पद
अंग्रेजी 504
संस्कृत 300
हिंदी 250
गणित 250
सामाजिक विज्ञान 250
कृषि 100

3946 पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ
इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने 2292 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। अब शिक्षक के 1654 पदों का विज्ञापन जारी होने के साथ ही राज्य में कुल 3946 पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इससे लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा अवसर मिलेगा।






































