KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का जाल अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गया है। कांकेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक आशाराम नेताम का आधिकारिक वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर्स उनके नंबर का इस्तेमाल कर क्षेत्र के लोगों, समर्थकों और परिचितों को मैसेज भेज रहे हैं और उनसे रुपयों की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक आशाराम नेताम ने वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक वॉट्सऐप नंबर हैक हो गया है। इस नंबर से लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांगे जा रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस तरह के किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और उनके नंबर से आने वाले पैसों की मांग संबंधी संदेशों पर कोई प्रतिक्रिया न दें।

उन्होंने अपने समर्थकों, क्षेत्र की जनता और परिचितों से अपील की है कि उनके वॉट्सऐप नंबर से किसी भी तरह का वित्तीय लेन-देन बिल्कुल न करें। साथ ही किसी को भी पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से दूसरे माध्यम से संपर्क कर पुष्टि जरूर कर लें। वॉट्सऐप अकाउंट हैक होने के मामले में विधायक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हैकर्स ने किस तरह अकाउंट तक पहुंच बनाई और अब तक कितने लोगों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजे गए हैं।




































