NEW DELHI NEWS. महंगाई के बीच आम आदमी की जेब पर एक और बोझ बढ़ने जा रहा है। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। कंपनी ने इससे पहले 14 मई 2026 को भी दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब करीब छह महीने के भीतर दूसरी बार कीमतों में इजाफा किया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कंपनी ने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। मदर डेयरी का कहना है कि दूध की बिक्री से होने वाली कुल आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दूध उत्पादक किसानों को दिया जाता है। किसानों से दूध खरीदने की लागत में हुई बढ़ोतरी का कुछ हिस्सा अब उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है।

फुल क्रीम दूध 4 रुपये तो गाय का दूध 3 रुपये महंगा
मदर डेयरी की नई दरों के अनुसार सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध में की गई है। इसकी कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर होगी। टोन्ड दूध (पाउच) अब 60 के बजाय 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसी तरह थोक में मिलने वाले टोन्ड दूध की कीमत 58 से बढ़ाकर 60 रुपये और डबल टोन्ड दूध की कीमत 54 से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

अमूल ने भी बढ़ाए थे घी और बटर के दाम
दूध और डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दूसरी कंपनियों के उत्पादों पर भी देखने को मिला है। अमूल ने आखिरी बार 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। वहीं, दीपावली से पहले कंपनी ने घी की कीमतों में 40 से 50 रुपये तक और 500 ग्राम वाले टेबल बटर पैक की कीमत में 15 रुपये का इजाफा किया था। अमूल ने भी इसके पीछे दूध उत्पादन की बढ़ती लागत और किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वजह बताया था।

लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। दूध रोजमर्रा की जरूरत होने के कारण इसकी कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी महीने के खर्च को प्रभावित करती है।

































