AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में एक शिक्षिका द्वारा छात्र को दी गई सजा विवाद का विषय बन गई है। कक्षा आठवीं के छात्र से कथित तौर पर हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार मां की गाली लिखवाई गई। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को स्कूल में कक्षा आठवीं के दो छात्रों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक छात्र ने दूसरे छात्र के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। यह सुनने के बाद शिक्षिका ने छात्र को कक्षा से बाहर बैठाकर उसकी रफ कॉपी में वही अपशब्द हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार लिखने की सजा दी। साथ ही कॉपी पर अभिभावकों के हस्ताक्षर कराकर लाने के लिए भी कहा गया।

छात्र के पिता ने इस सजा पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यदि बच्चे से गलती हुई थी तो शिक्षक का दायित्व उसे समझाना और सही व्यवहार की सीख देना था। उन्होंने कहा कि बार-बार अपशब्द लिखवाने से बच्चा उसे दोहराने के लिए मजबूर हुआ। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं या इस तरह की भाषा सीखने।

मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर संबंधित शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी की रोहिणी मिश्रा ने आरोप लगाया कि निजी स्कूलों में कुछ शिक्षक मनमाने तरीके से छात्रों को दंड दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा।

शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश
सरगुजा के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने सहायक संचालक को स्कूल भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































