RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के विभिन्न नगर निकायों और वार्डों में हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए 9 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 3 सीटों पर सफलता मिली है। सबसे ज्यादा चर्चा बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम उपचुनाव की रही, जहां कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशियों को बड़े अंतर से पराजित किया। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोहर दत्त तिवारी को 436 मतों से हराया।
दरअसल, मनोहर दत्त तिवारी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का करीबी माना जाता है। इंदिरा वार्ड को लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। पिछले तीन दशकों से यहां कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस उपचुनाव में भी पार्टी ने अपनी पकड़ बरकरार रखी। 1 जून को हुए मतदान में 1,542 मतदाताओं में से 1,223 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे, जबकि उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।

बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1,062 मतों के बड़े अंतर से हराया। यह वार्ड भी लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र माना जाता है और यहां पिछले करीब 40 वर्षों से कांग्रेस का वर्चस्व बना हुआ है। इस उपचुनाव में कुल 5,255 मतदाताओं में से 3,665 मतदाताओं ने मतदान किया। राजनीतिक रूप से यह मुकाबला इसलिए भी अहम रहा क्योंकि मधुसूदन राव को पहले शेख आजम के पिता शेख असलम भी चुनाव में पराजित कर चुके थे।

कहां किसे मिली जीत
क्षेत्र परिणाम
जगदलपुर (इंदिरा वार्ड) कांग्रेस
बिलासपुर (वार्ड 29) कांग्रेस
चारामा वार्ड 13 कांग्रेस
पखांजूर कांग्रेस
घुमका कांग्रेस
पलारी नगर पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस
शिवनंदनपुर (सूरजपुर) भाजपा
सहसपुर लोहारा (कवर्धा) भाजपा
बमनीडीह (जांजगीर-चांपा) भाजपा

जीत के बाद कांग्रेस का दावा, भाजपा ने कहा-करेंगे समीक्षा
नतीजों के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे राज्य सरकार के खिलाफ जनमत बताया। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा सरकार से कम होता जा रहा है और उपचुनाव के परिणाम इसका संकेत हैं। वहीं जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय ने कहा कि पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी और संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






































