JOB NEWS. खेल के मैदान में अपनी पहचान बनाने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा मौका है। पुणे आयकर विभाग ने मेधावी खिलाड़ियों के लिए स्टेनोग्राफर, टैक्स असिस्टेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के तहत कुल 85 पद भरे जाएंगे। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी किया गया है। आवेदन और भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

यह भर्ती अलग-अलग खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए है। इसमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, स्विमिंग, वॉलीबॉल, पैरा-स्पोर्ट्स, टेनिस और योगासन समेत कुल 17 खेल शामिल हैं। उम्मीदवारों के पास अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, इंटर यूनिवर्सिटी या खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व अथवा निर्धारित स्तर पर उपलब्धि का प्रमाण होना जरूरी है। सबसे अधिक 20 पद एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के लिए हैं, जबकि वॉलीबॉल में 12 पद हैं।

किस पद पर कितनी वैकेंसी?
पद रिक्तियां वेतनमान
स्टेनोग्राफर ग्रेड-II 06 लेवल-04, ₹25,500–81,100
टैक्स असिस्टेंट 40 लेवल-04, ₹25,500–81,100
मल्टी टास्किंग स्टाफ 39 लेवल-01, ₹18,800–56,900
कुल 85 —

कौन कर सकता है आवेदन?
स्टेनोग्राफर ग्रेड-II: उम्मीदवार का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित है।
टैक्स असिस्टेंट: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन या समकक्ष योग्यता जरूरी है। उम्र 18 से 27 वर्ष होनी चाहिए।
MTS: उम्मीदवार का 10वीं पास या समकक्ष होना जरूरी है। आयु सीमा 18 से 25 वर्ष रखी गई है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के साथ उम्मीदवार के पास निर्धारित खेल उपलब्धि से संबंधित वैध प्रमाण-पत्र भी होना चाहिए।

खेल प्रमाण-पत्र भी जरूरी
उम्मीदवारों को अपनी खेल उपलब्धि के लिए निर्धारित प्रारूप में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ, राष्ट्रीय स्तर के लिए राष्ट्रीय या राज्य खेल संघ और इंटर यूनिवर्सिटी उपलब्धियों के लिए विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी से प्रमाणित दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। खेलो इंडिया और अन्य निर्धारित प्रतियोगिताओं के लिए भी संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र की आवश्यकता होगी। चयन प्रक्रिया में उम्मीदवारों की खेल उपलब्धियों को प्राथमिकता दी जाएगी। सबसे पहले उन खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
ये भी जानना जरूरी
₹200 आवेदन शुल्क
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को ₹200 शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। एक बार भुगतान किया गया आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
आवेदन की अंतिम तारीख: 15 सितंबर 2026
भर्ती की पात्रता, खेल उपलब्धियों के मानदंड, प्रमाण-पत्र के प्रारूप और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए उम्मीदवार आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन जरूर देखें।


































