JOB NEWS. छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग की बहुप्रतीक्षित सूबेदार, उप निरीक्षक (एसआई) संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) ने परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर को प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू हुई थी। अभ्यर्थी 19 सितंबर की रात 11.59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी तरह की त्रुटि होने पर 20 और 21 सितंबर को सुधार का मौका दिया जाएगा। मुख्य परीक्षा के लिए प्रदेश में पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। अभ्यर्थी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर (बस्तर) और अंबिकापुर (सरगुजा) में परीक्षा देंगे। यानी अलग-अलग क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को अपने संभागीय मुख्यालय के स्तर पर परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी।

सीजी पीएससी ने छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों के लिए परीक्षा शुल्क को लेकर अहम राहत दी है। परीक्षा या साक्षात्कार में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। राशि सीधे उनके बैंक खाते में लौटाई जाएगी। आवेदन के दौरान छत्तीसगढ़ के आरक्षित वर्ग एससी, एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 300 रुपये, जबकि अन्य सभी श्रेणियों के लिए 400 रुपये निर्धारित है।

तीन दिन में पांच पेपर, ऐसा रहेगा शेड्यूल
मुख्य परीक्षा में कुल पांच पेपर होंगे। परीक्षा तीन दिनों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
2 नवंबर:
सुबह — भाषा (हिंदी एवं अंग्रेजी)
दोपहर — सामान्य ज्ञान
3 नवंबर:
सुबह — एप्टीट्यूड टेस्ट
4 नवंबर:
सुबह — विज्ञान (भौतिकी, रसायन एवं गणित)
दोपहर — कंप्यूटर साइंस
इस तरह अभ्यर्थियों को तीन दिनों के भीतर पांच अलग-अलग विषयों की परीक्षा देनी होगी।

परीक्षा से 10 दिन पहले एडमिट कार्ड
अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब 10 दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के संबंध में डाक या एसएमएस के जरिए अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे समय-समय पर सीजी पीएससी की वेबसाइट चेक करते रहें और अपना प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड करें। ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को लाइव फोटो अपलोड करनी होगी। फोटो का बैकग्राउंड हल्के रंग का होना जरूरी है। आवेदन भरते समय फोटो संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने पर आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

परीक्षा से जुड़ी जरूरी बातें एक नजर में
परीक्षा: सूबेदार, एसआई संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024
परीक्षा तिथि: 2, 3 और 4 नवंबर
परीक्षा केंद्र: रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और अंबिकापुर
पेपर: कुल 5
आवेदन शुल्क: आरक्षित वर्ग 300 रुपये, अन्य वर्ग 400 रुपये
फीस वापसी: परीक्षा/साक्षात्कार में उपस्थित स्थानीय अभ्यर्थियों को
आवेदन सुधार: 20 और 21 सितंबर
एडमिट कार्ड: परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले
फोटो: आवेदन में लाइव फोटो अनिवार्य




































