NEW DELHI NEWS. WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के चैटिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स जारी किए हैं। नए अपडेट के बाद अब ग्रुप चैट में @all लिखकर एक साथ सभी सदस्यों को मेंशन किया जा सकेगा। इसके अलावा Polls और Group Management से जुड़े कई नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिससे ग्रुप में बातचीत और फैसले लेना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा। नए अपडेट के तहत अब किसी भी ग्रुप में @all टाइप करके सभी सदस्यों को एक साथ नोटिफिकेशन भेजा जा सकेगा। अब तक किसी सदस्य का ध्यान आकर्षित करने के लिए उसे अलग-अलग टैग करना पड़ता था, लेकिन इस फीचर से एक ही बार में पूरे ग्रुप तक जरूरी सूचना पहुंच जाएगी।

हालांकि, बड़े ग्रुप्स में नोटिफिकेशन की बाढ़ रोकने के लिए WhatsApp ने कुछ सीमाएं भी तय की हैं। 32 से अधिक सदस्यों वाले ग्रुप में @all फीचर का इस्तेमाल केवल ग्रुप एडमिन ही कर सकेंगे। यदि किसी यूजर ने ग्रुप को म्यूट किया हुआ है, तब भी @all से भेजे गए महत्वपूर्ण संदेश का नोटिफिकेशन मिल सकता है। हालांकि, यूजर चाहें तो Notification Settings में जाकर @all Notifications को अलग से बंद भी कर सकते हैं।

Polls फीचर हुआ और ज्यादा स्मार्ट
WhatsApp ने Polls फीचर में भी कई उपयोगी बदलाव किए हैं।
अब पोल बनाते समय End Time तय किया जा सकेगा।
समय सीमा खत्म होने के बाद कोई सदस्य वोट नहीं कर पाएगा।
Anonymous Voting फीचर के जरिए अब यह पता नहीं चलेगा कि किस सदस्य ने किस विकल्प को चुना।
पोल बनाने वाला यूजर 15 मिनट तक सवाल या विकल्पों को एडिट भी कर सकेगा, जिससे टाइपिंग मिस्टेक या गलत जानकारी को आसानी से सुधारा जा सकेगा।
ये फीचर्स इवेंट प्लानिंग, मीटिंग शेड्यूल और ग्रुप डिसीजन लेने में काफी उपयोगी साबित होंगे।

अब मौजूदा ग्रुप से बनाएं नया ग्रुप
WhatsApp ने ग्रुप मैनेजमेंट को भी आसान बना दिया है। अब किसी मौजूदा ग्रुप के चुने हुए सदस्यों के साथ एक नया ग्रुप बनाया जा सकेगा। पहले इसके लिए सभी सदस्यों को दोबारा जोड़ना पड़ता था, लेकिन अब यह काम कुछ ही टैप में पूरा हो जाएगा। यह फीचर उन यूजर्स के लिए खास तौर पर फायदेमंद होगा, जो किसी बड़े ग्रुप के भीतर किसी खास विषय पर अलग चर्चा करना चाहते हैं।

क्यों है नया अपडेट खास
नया अपडेट WhatsApp को टीम कम्युनिकेशन और ग्रुप मैनेजमेंट के मामले में और मजबूत बनाता है। @all फीचर पहले से Discord, Slack और Microsoft Teams जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध था। अब WhatsApp में भी यह सुविधा आने से जरूरी संदेशों के छूटने की संभावना काफी कम हो जाएगी।





































