BILASPUR NEWS. शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अभिलाषा परिसर स्थित EWS कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक तीन मंजिला इमारत की छत से प्रेमी जोड़े ने छलांग लगा दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सिम्स (CIMS) अस्पताल में जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू पांडे (23 वर्ष) निवासी यदुनंदन नगर तिफरा के रूप में हुई है। वह एक फाइनेंस कंपनी में काम करने के साथ-साथ जोमेटो में डिलीवरी बॉय का कार्य भी करता था। वहीं, घायल युवती गरिमा सिंह (22 वर्ष) सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक की रहने वाली है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले 3 साल से प्रेम संबंध था। मंगलवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दोनों अभिलाषा परिसर पहुंचे थे और भोर में करीब 4 बजे उन्होंने छत से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग बाहर निकले, तो दोनों लहूलुहान हालत में मिले।

छत पर मिली शराब और कपड़े
जांच के दौरान पुलिस को बिल्डिंग की छत पर शराब की बोतलें, गिलास, कपड़े, कंबल और बेडशीट बरामद हुए हैं। प्राथमिक अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों ने छत पर शराब पी थी। पुलिस को यह भी पता चला है कि छत का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे मामला आत्महत्या की कोशिश या आपसी विवाद के बाद उठाया गया कदम प्रतीत हो रहा है।

विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सिरगिट्टी टीआई किशोर केंवट ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आशंका है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। युवती की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं है। पुलिस युवती के बयान का इंतजार कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।






































