RAIGARH NEWS. रायगढ़ नगर निगम के वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद त्रिनिशा चौहान और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला पार्षद देर रात एक शादी समारोह से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में साइड देने को लेकर कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

घटना के बाद महिला पार्षद ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, मामले में अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज जनप्रतिनिधियों और भाजपा पार्षदों ने बुधवार को सिटी कोतवाली के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में महापौर जीवर्धन चौहान और सभापति डिग्री लाल साहू सहित कई पार्षद शामिल हुए।


धरने के दौरान पार्षदों ने कहा कि जब एक महिला जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर औपचारिकता निभाई है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि राजनीतिक दबाव के चलते आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

मामले को लेकर सिटी कोतवाली के बाहर देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।






































