BILASPUR NEWS. मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में एक बीमार छात्रा के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। बुखार से पीड़ित छात्रा की स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि उसकी मदद करने और परिजनों को सूचना देने के बजाय छात्रा से ही उल्टी से गंदी हुई कुर्सी साफ कराई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

बीमार हालत में छात्रा से करवाया सफाई का काम
जानकारी के अनुसार, बेलटुकरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पढ़ने वाली छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी। स्कूल में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे उल्टी हो गई। इस दौरान छात्रा को चिकित्सकीय सहायता या आराम देने के बजाय उससे कथित रूप से गंदी कुर्सी साफ कराई गई। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

वीडियो सामने आया तो अधिकारियों ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। कलेक्टर संजय अग्रवाल के संज्ञान में मामला आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल की प्रधानपाठक के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया।
प्रधानपाठक भारती खांडे को तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
DEO द्वारा जारी नोटिस शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधानपाठक भारती खांडे को जारी किया गया है। नोटिस में संबंधित कृत्य को पदीय कर्तव्यों के विपरीत बताते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के प्रतिकूल माना गया है। प्रधानपाठक से पूरे मामले पर तीन दिवस के भीतर स्पष्ट, लिखित और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं एकतरफा कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की जांच और प्रधानपाठक के जवाब के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं और जिम्मेदारी किसकी तय होती है।








































