AZAMGARH NEWS. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शादी के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर एक गैंग ने पहले युवक को शादी के लिए लड़की दिखाई, फिर मंदिर में पूरे रीति-रिवाज से शादी कराई। लेकिन दुल्हन के ससुराल पहुंचने से पहले ही पूरा खेल बदल गया। रास्ते में दूल्हे को गाड़ी से उतारकर दुल्हन अपने कथित परिजनों के साथ शादी में मिले जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

WhatsApp पर भेजी लड़की की तस्वीर, फिर तय हुआ रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के छिबरमऊ गांव निवासी राजकुमार को कुछ लोगों ने शादी कराने का भरोसा दिया था। इसी दौरान उन्हें WhatsApp पर एक लड़की की तस्वीर भेजी गई। तस्वीर पसंद आने के बाद दोनों पक्षों में शादी की बात आगे बढ़ी और विवाह के लिए आजमगढ़ के बरदह क्षेत्र स्थित बांधवा महादेव मंदिर को चुना गया।

मंदिर में पूरे रीति-रिवाज से हुई शादी
बुधवार को राजकुमार और उनके परिवार के लोग आजमगढ़ पहुंचे। मंदिर में वर और वधु पक्ष की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी की गईं। बताया गया कि शादी के दौरान वर पक्ष की ओर से दुल्हन को सोने के आभूषण, ₹80 हजार नकद और कपड़े समेत अन्य सामान दिया गया। शादी के बाद राजकुमार अपनी नवविवाहिता को लेकर घर के लिए रवाना हुए। उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दूरी पर उनके साथ क्या होने वाला है।

रास्ते में दूल्हे को गाड़ी से उतारा
पुलिस के अनुसार, बंधवा मोड़ के पास दुल्हन के कथित पिता और उसके साथ मौजूद लोगों ने राजकुमार को गाड़ी से नीचे उतार दिया। इसके बाद दुल्हन और शादी में मिला सामान लेकर सभी लोग वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। दूल्हे के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को कोदहरा चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से ₹19,650 नकद, मंगलसूत्र, झुमका, साड़ी, कपड़े और दो बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






































