DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर अनोखा मामला सामने आया है। यहां नाराज वार्डवासी एक बैल को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंच गए। इतना ही नहीं, लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग तक कर दी। बैल को थाने लाए जाने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

दरअसल, धमतरी शहर में आवारा मवेशियों से लोग लंबे समय से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगर निगम की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी बीच सुंदरगंज वार्ड में पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। बताया जा रहा है कि बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है।

कांग्रेस नेता के घर में भी मचाया उत्पात
बताया गया कि बेकाबू बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी घुसकर उत्पात मचाया। इस दौरान उनके पिता घायल हो गए। घटना के बाद वार्डवासियों में नाराजगी और बढ़ गई।

बैल को रस्सी से बांधकर थाने ले गए
नगर निगम में शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने खुद ही बैल को पकड़ने का फैसला किया। वार्डवासियों ने बैल को रस्सी से बांधा और गाड़ी में भरकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए।
थाने पहुंचकर लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की। इस अनोखे घटनाक्रम को देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।

पुलिस ने समझाइश देकर कांजी हाउस भेजा
पुलिस ने वार्डवासियों को समझाइश देते हुए बताया कि आवारा मवेशियों से संबंधित शिकायत और कार्रवाई का मामला नगर निगम के स्तर पर आता है। इसके बाद लोगों ने बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया।
इस पूरे मामले में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।






































