MUNGELI NEWS. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरपंच चुनाव की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। चुनाव में महज 8 से 9 वोटों से मिली हार का बदला लेने के लिए कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई। इसके बाद 32 वर्षीय तुलसी साहू का अपहरण कर पंप हाउस में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को कीचड़ और झाड़ियों में छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
8-9 वोटों से हार बना हत्या की वजह
पुलिस जांच के मुताबिक, इस हत्याकांड की वजह वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव से जुड़ी रंजिश थी। मुख्य आरोपी धनीराम साहू को चुनाव में 8 से 9 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। उसे शक था कि तुलसी साहू ने मतगणना के दौरान जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई। आरोप है कि धनीराम ने तुलसी की हत्या के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी, जिसमें 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।
रास्ते से किया अपहरण, पंप हाउस में की हत्या
घटना 25 अक्टूबर की शाम की है। तुलसी साहू मोटरसाइकिल से अपने घर से निकला था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में उसकी बाइक रुकवाई और जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। उसे सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ स्थित एक पंप हाउस में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, यहां तुलसी को डराकर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करने के लिए 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखवाया गया और उसका वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके पैरों को बिजली के तार से बांध दिया और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
झाड़ियों में छिपाया शव, पुलिस ने ऐसे सुलझाया अंधेकत्ल
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल के जरिए गणेश मिनरल्स के पास पहुंचाया और सड़क किनारे कीचड़ में फेंककर कांटेदार झाड़ियों से ढक दिया। 26 अक्टूबर को परिजनों ने तुलसी के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। तलाश के दौरान उसकी मोटरसाइकिल जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली। इसके बाद गणेश मिनरल्स के पास झाड़ियों में उसका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मुंगेली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मुख्य साजिशकर्ता समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में सरगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी धनीराम साहू, उसका साला भुवन साहू, ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल निशान कार, मोटरसाइकिल, बिजली के तार के टुकड़े, मृतक के जूते, जैकेट, मोबाइल फोन, स्टाम्प पेपर और घटना का वीडियो समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। सरपंच चुनाव में मिली हार से शुरू हुई रंजिश का सुपारी किलिंग तक पहुंचना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल मुंगेली पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।




































