JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम लोढ़ेनापाठ में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। दो दिनों से लापता बच्चे का शव गांव से दूर खेत में बने एक गड्ढे में बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ बरामद हुआ। शव की हालत देखकर हर कोई स्तब्ध है। पुलिस ने मामले में वासुदेव टांगनु नामक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दो दिनों से लापता था मासूम
जानकारी के मुताबिक, पांच वर्षीय बच्चा लोढ़ेनापाठ गांव का ही रहने वाला था और पिछले दो दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गांव से दूर खेत में बने गड्ढे में उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव बोरी, कंबल और गोदरी में लिपटा हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चे के शरीर के कुछ अंग भी गायब मिले हैं।
मृतक के पिता का रिश्तेदार हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर वासुदेव टांगनु को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संदेही और मृतक के पिता आपस में ममेरे भाई हैं। पुलिस आरोपी से बच्चे की हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम की हत्या किसने और क्यों की, इसका खुलासा जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।



































