UNNAO NEWS. उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने बीमार पति को छोड़कर दामाद के साथ फरार होने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, परिवार का दावा है कि महिला घर में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए पुश्तैनी सोने-चांदी के गहने भी अपने साथ ले गई। इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना शामिल था।
मामले को लेकर महिला का बेटा अपने बीमार पिता के साथ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। परिवार ने महिला और उसके दामाद के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी जय प्रकाश सिंह ने शिकायत मिलने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बहन की मौत के बाद बढ़ीं मां और बहनोई की नजदीकियां
यह पूरा मामला उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। महिला के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 15 साल पहले उसकी बहन की शादी सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हुई थी। बेटे का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके जीजा ने बहन की हत्या कर दी थी। हालांकि, परिवार ने बहन के बच्चे की परवरिश को ध्यान में रखते हुए उस समय पुलिस में मुकदमा दर्ज नहीं कराया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बहन की मौत के बाद उसकी मां और बहनोई के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। बहनोई का घर पर आना-जाना भी शुरू हो गया था। जब पिता ने इस रिश्ते का विरोध किया तो परिवार में विवाद होने लगे। अब बेटे का आरोप है कि उसकी मां अपने ही दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई है। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।
जमीन खोदकर निकाल ले गई पुश्तैनी गहने!
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप घर में रखे पुश्तैनी गहनों को लेकर है। बेटे और उसके बीमार पिता का कहना है कि परिवार ने घर के अंदर जमीन में गड्ढा खोदकर सोने-चांदी के गहने छिपाकर रखे थे। परिवार के मुताबिक, इन गहनों में करीब 2 किलो चांदी और 80 ग्राम सोना था। आरोप है कि महिला घर छोड़ने से पहले जमीन खोदकर इन गहनों को भी निकाल ले गई। परिवार का दावा है कि चोरी हुए इन पुश्तैनी गहनों की कीमत लाखों रुपये में है। हालांकि, गहनों को ले जाने से जुड़े आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।
10 बिस्वा जमीन नाती के नाम करने का भी आरोप
महिला के बेटे ने जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि 14 सितंबर को उसकी मां ने कथित तौर पर दामाद के कहने पर पिता की खरीदी हुई 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी थी। परिवार को इस जमीन के नाम किए जाने की जानकारी बाद में मिली। बेटे का आरोप है कि उसकी मां ने पिता को बिना बताए जमीन का यह काम किया। अब परिवार इस जमीन के हस्तांतरण की भी जांच कराने की मांग कर रहा है।
गांव में चौकीदारी करते थे बीमार पति, अब अकेले रहने को मजबूर
शिकायत में बेटे ने बताया कि उसके पिता की तबीयत काफी समय से खराब रहती है। वह पहले गांव में चौकीदारी का काम करते थे। आरोप है कि मां के घर छोड़कर चले जाने के बाद बीमार पिता अकेले रह गए हैं। परिवार ने पहले अजगैन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बेटे का आरोप है कि वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह अपने पिता के साथ एसपी जय प्रकाश सिंह से मिलने पहुंचा।
बेटे ने पुलिस अधीक्षक से मां और बहनोई के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





































