REWA NEWS. मध्य प्रदेश के रीवा जिले से नगर परिषद के एक अधिकारी से जुड़ा कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में चाकघाट नगर परिषद के सीएमओ शंखधर पांडे की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में एक महिला सहकर्मी को छुट्टी के दिन उनके निजी आवास पर आने के लिए कहा जा रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है।

महिला कर्मचारी से घर आने का दबाव?
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सीएमओ और एक महिला आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत में अधिकारी महिला कर्मचारी को शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर आने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। महिला कर्मचारी कथित तौर पर घर आने में असमर्थता जताती है और पूछती है कि अगर किसी ने पूछ लिया तो वह क्या जवाब देगी। इसके जवाब में अधिकारी कथित तौर पर उसे लोक अदालत के दिन टैक्स से जुड़ा काम बताकर घर आने की बात कहते हैं। ऑडियो में अधिकारी की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि बाकी जिम्मेदारी वह संभाल लेंगे। महिला कर्मचारी बातचीत के दौरान बार-बार अपनी असमर्थता जताती हुई सुनाई देती है।

‘मैंने तुम्हारे लिए क्या-क्या नहीं किया’
वायरल रिकॉर्डिंग में अधिकारी की ओर से महिला कर्मचारी को अपने किए गए कथित उपकारों का हवाला देते हुए दबाव बनाने की बात भी सामने आ रही है। बातचीत के दौरान महिला कर्मचारी कुछ अन्य कर्मचारियों का जिक्र करती है और कहती है कि अगर वह ऑफिस नहीं गई तो उन्हें पता चल जाएगा। इसके बाद कथित अधिकारी महिला को चेतावनी देते हुए कहते हैं कि उन्होंने उसके लिए क्या-क्या नहीं किया। ऑडियो के अंत में वह कथित तौर पर कहते हैं कि वह सुबह 9 बजे उसका इंतजार करेंगे और पहुंचने के बाद फोन करने को कहते हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो में हुई बातचीत के पूरे संदर्भ और उसमें लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

दो महीने पहले हटाया गया था, फिर ड्यूटी पर बुलाने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संबंधित महिला कर्मचारी को करीब दो महीने पहले काम से हटा दिया गया था। बाद में उसे दोबारा ड्यूटी पर बुलाया गया। हालांकि, इस दावे को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। ऑडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब प्रशासनिक कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई है।

कलेक्टर बोले- ऑडियो की पुष्टि हो चुकी है
रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने मामले को गंभीर और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो की जांच एसडीएम त्योंथर से कराई गई है और जांच में ऑडियो में आवाज सीएमओ की ही होने की पुष्टि हुई है। कलेक्टर के मुताबिक, मामले की जांच के लिए पुलिस को भी भेजा जाएगा। जांच के आधार पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वायरल ऑडियो के बाद अब इस मामले में प्रशासन और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।






































